By signing in you confirm you are 18 or older, or have your parent’s or guardian’s consent.

CTET 7 Feb 2026 Paper 2 Hindi, Question 92

Topic: Reading comprehension

Passage

निर्देश : नीचे दिए गए गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों (प्रश्न सं० 91–99) के सबसे उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प को चुनिए :
एक तरफ यह लोक-साहित्य एवं लोक-विज्ञान की परम्परा है, तो दूसरी तरफ लोक-शास्त्र की परम्परा है। हम जानते हैं कि हमारे यहाँ स्मृतियों और श्रुतियों की परम्परा रही है। उसका आधार हमारी मौखिक शिक्षा परम्परा थी। मौखिक शिक्षा परम्परा हमारे घरों में एवं आश्रमों में पीढ़ी-दर-पीढ़ी चलती थी। घर भी गृहस्थ आश्रम ही हुआ करते थे। हर घर की एक शुचिता होती थी, मर्यादा होती थी। कुदरती संसाधनों के उपयोग की मर्यादा। स्वास्थ्य संबंधी हमारे सुदीर्घ अनुभवों से उपजी शुचिता। इसे हम जीते थे।

हमारी इस मौखिक परम्परा में भी शिक्षा न केवल कंठस्थ होती थी, बल्कि वह कंठस्थ के बाद हृदयस्थ होती थी और हृदयस्थ करने के बाद उदरस्थ होती थी। यही वजह थी कि हमारे जेहन में वह रची-पची शिक्षा पीढ़ियों तक जिंदा रहती थी। तब पूरा समाज एक-एक शास्त्र को जीता था। किताबों की भी जरूरत नहीं थी। हमारा समाज तब सायास और सजग तरीके से इस परम्परा का पोषण करता था। एक-एक ग्रंथ तब एक एक व्यक्ति या परिवार के साथ जिंदा रहता था। यही लोकशाला थी। एक स्वावलंबी एवं निःशुल्क शिक्षा व्यवस्था। सर्व सुलभ लोकशाला। आज भी जरूरत इस बात की है कि हम लोकोन्मुखी बनें और लोकजीवन के प्रामाणिक अनुभवों को अपने सीखने का साधन एवं स्रोत बनाएँ। आज जरूरत इस बात की भी है कि हम समाज में जगह-जगह पर लोकशालाओं की स्थापना करें और वहाँ पर सत्तर बरस से ऊपर के लोगों के एक समुदाय को आमंत्रित कर उनसे सीखने के अलग-अलग उपक्रम एवं आयोजन करें। आवश्यकता इस बात की है कि हम विभिन्न विषयों पर इस अनुभव-सिद्ध समुदाय की बात सुनें और उनके अनुभवों से सीखने का मानस बनाएँ। लोक-मानस में गहरे अवगाहन के बिना हम छोटे-छोटे एवं बारीक-बारीक मगर साथ ही बेशकीमती अनुभवों की थाह नहीं पा सकेंगे। आवश्यकता है धैर्य और विश्वास की। बिना धीरज धरे हम लोकशालाओं का पूरा लाभ नहीं ले सकेंगे। यहाँ यह स्पष्ट कर देना आवश्यक है कि जिस अनुभव-सिद्ध समुदाय का मैं ज़िक्र कर रहा हूँ उसमें माताएँ तथा बहनें भी हैं तथा हमारे वयोवृद्ध कृषक, पशुपालक एवं कारीगर भाई लोग भी हैं। सभी जातियों और समुदायों के प्रति भी बराबरी का आस्था-भाव आवश्यक है और यह विश्वास भी जरूरी है कि सिखाने वाला सदा बड़ा होता है। यदि ऐसी आस्था के साथ हम लोकशालाओं में प्रवेश करते हैं, तो हमें ऐसी कई बातें सीखने को मिलेंगी जो आज तक विश्व की किसी भी पुस्तक का हिस्सा नहीं बन सकी हैं। तो फिर आइए, हम लोकशाला चलें।

Q92

मौखिक परम्परा की विशेषता नहीं है

  1. (1) शिक्षा का कंठस्थ होना
  2. (2) शिक्षा का पीढ़ियों तक जीवित रहना
  3. (3) शिक्षा का पीढ़ी-दर-पीढ़ी चलना
  4. (4) किताबों की जरूरत होनाCorrect answer

Solution.

CBSE answer: (4)

उत्तर: (4) किताबों की जरूरत होना

  1. गद्यांश साफ़ कहता है कि उस समय पूरा समाज शास्त्र को जीता था, इसलिए किताबों की भी जरूरत नहीं थी।
  2. शिक्षा का कंठस्थ होना, पीढ़ियों तक जीवित रहना और पीढ़ी-दर-पीढ़ी चलना, ये तीनों बातें गद्यांश में मौखिक परम्परा की विशेषताएँ बताई गई हैं।
  3. इसलिए 'विशेषता नहीं है' का उत्तर विकल्प (4) है।